कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 13 अक्टूबर। कबीरधाम पुलिस ने छत्तीसगढ़ में करोड़ों की गांजा की तस्करी में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 24 फरवरी को चिल्फी पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर नाकाबंदी कर एक कंटेनर वाहन से 927.645 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 4 करोड़ 63 लाख रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त 30 लाख रुपये का कंटेनर जब्त किया था। इस संबंध में थाना चिल्फी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान निवासी घनश्याम गुर्जर इस तस्करी का मुख्य सरगना पाया गया, जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
कबीरधाम पुलिस, साइबर थाना और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने तकनीकी सहायता व सुरागरसी के आधार पर आरोपी को राजस्थान के जिला कोटपुतली-बहरोड़ के थाना बहरोड़ सदर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
ट्रांजिट रिमांड पर कबीरधाम लाए जाने के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और 12 अक्टूबर को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।