कवर्धा
सूपखार में जंगली भैंसों की पुनस्र्थापना कार्यक्रम में हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 12 अक्टूबर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को कान्हा टाइगर रिजर्व के सूपखार परिक्षेत्र में आयोजित जंगली भैंसा पुनस्र्थापना कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरे के तहत उनका हेलीकॉप्टर चिल्फी घाटी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में उतरा, जहाँ स्थानीय युवाओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सडक़ मार्ग से सूपखार के लिए रवाना हुए। लगभग एक सदी से मध्य प्रदेश के वनों से विलुप्त हो चुके जंगली भैंसों को उनके प्राकृतिक आवास में दोबारा बसाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है।
परियोजना के तहत असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से दो चरणों में कुल 8 जंगली भैंसों (6 मादा और 2 नर) को कान्हा टाइगर रिजर्व लाया गया था। निर्धारित क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन्हें 1 हेक्टेयर के छोटे बाड़े से निकालकर 17 हेक्टेयर क्षेत्रफल में निर्मित बड़े बाड़े में स्थानांतरित किया। मध्य प्रदेश सरकार और वन विभाग ने आगामी तीन वर्षों में सूपखार क्षेत्र में कुल 50 जंगली भैंसों को पुनर्स्थापित करने का लक्ष्य रखा है, जिससे क्षेत्र में जैव-विविधता और वन्यजीव संरक्षण को नया आयाम मिलेगा।