कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 28 सितंबर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 98 ग्राम गांजे के साथ उत्तरप्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए कीमत का गांजा और 10 हजार का मोबाइल फोन, कुल करीब 5 लाख 10 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड से छिरहा जाने वाले मार्ग पर यादव होटल के पास एक युवक काले रंग के बैग में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम रामू सिंह पिता नेम सिंह, (22), निवासी शिव मंदिर के पास करनौली, थाना छिबरामऊ नौगोई, जिला कन्नौज, उत्तरप्रदेश बताया। पुलिस ने उसके पास रखे काले रंग के सफारी बैग की तलाशी ली। बैग के अंदर खाकी रंग की झिल्ली और टेप से लिपटा एक पैकेट मिला। जांच के बाद पैकेट में गांजा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर गांजे की मात्रा 10 किलो 98 ग्राम निकली।
पुलिस ने आरोपी से गांजा रखने अथवा परिवहन के संबंध में वैध अनुज्ञप्ति मांगी, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गांजा और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे कबीरधाम में कहां पहुंचाया जाना था। संभावित खरीदारों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। एएनटीएफ टीम द्वारा नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 419/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।