कवर्धा

स्क्रैप कबाड़ हेराफेरी का फरार आरोपी 4 साल बाद यूपी से बंदी
20-Sep-2026 6:16 PM
स्क्रैप कबाड़ हेराफेरी का फरार आरोपी 4 साल बाद यूपी से बंदी

कवर्धा, 20 सितंबर। कबीरधाम जिले की थाना चिल्फी पुलिस ने वर्ष 2022 से फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस के अनुसार 30 अगस्त 2022 को ट्रक क्रमांक आरजे-05-जीबी/5730 रोहतक (हरियाणा) से 33.290 मीट्रिक टन स्क्रैप लोहा लोड कर कलिंगा नगर (ओडिशा) के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में चिल्फी घाटी में ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। जांच के दौरान मौके पर पूर्ण मात्रा में स्क्रैप सामग्री उपलब्ध नहीं पाई गई। डालसन (डारसन) कंपनी के मालिक की रिपोर्ट पर थाना चिल्फी में भादवि की धारा 406, 407, 120(बी), 34 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था।  विवेचना के अनुसार, आरोपीगण हिमांशु राजपूत, रमाकांत उर्फ मोनू पांडे, धर्मेंद्र कुमार, भगवान सिंह एवं पवन राजपूत पर आरोप है कि उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से ट्रक को खाई में गिराकर स्क्रैप सामग्री की हेराफेरी की।  वर्ष 2022 में पुलिस ने आरोपी हिमांशु राजपूत एवं धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया था।  फरार आरोपियों की पतासाजी के क्रम में चिल्फी पुलिस ने जनकपुरी, महोली रोड (थाना कोतवाली मथुरा, उत्तर प्रदेश) निवासी आरोपी पवन राजपूत को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया।  पुलिस ने 16 सितंबर को आरोपी को न्यायालय मथुरा में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया। कबीरधाम लाने के बाद पुलिस रिमांड में पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन की प्रक्रिया पूर्ण कर 18 सितंबर को आरोपी को कवर्धा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


अन्य पोस्ट