कवर्धा
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बनेगी लाइब्रेरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 10 सितंबर। कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र कुमार यादव ने थाना झलमला क्षेत्र के वनांचल ग्राम समनापुर पहुंचकर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों से संवाद किया तथा क्षेत्र की सुरक्षा व समस्याओं की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की। प्राप्त सुझावों के आधार पर उन्होंने थाना प्रभारी झलमला को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की गई।
वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अध्ययन सामग्री और स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत गांव में लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए शीघ्र ही स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस अवसर पर थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक अरविंद साहू, स्थानीय नागरिक, युवा तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।