कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कबीरधाम, 2 सितंबर। कबीरधाम जिले की पंडरिया थाना और पोड़ी चौकी पुलिस ने 31 अगस्त को तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 3 व्यक्तियों के कब्जे से कुल 23.70 लीटर (23,700 मिलीलीटर) शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार व अमित पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक एवं भूपत सिंह के मार्गदर्शन में की गई। 31 अगस्त को पोड़ी चौकी पुलिस ने रिवापार रोड पुल के पास कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी छोटू कोसले निवासी बोधईकुण्डा (थाना पिपरिया) के कब्जे से 2,700 मिलीलीटर शराब (अनुमानित मूल्य 1,200 रुपये) जब्त की गई। इस मामले में थाना बोडला में अपराध क्रमांक 105/2026, धारा 34(1)(ख) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पंडरिया थाना पुलिस ने महुआ शराब के दो पृथक मामलों में कार्रवाई की। ग्राम तरहिया तालाब के पास आरोपी चंद्रजीत मेरावी निवासी तरहिया के कब्जे से 11,000 मिलीलीटर महुआ शराब (अनुमानित मूल्य 2,200 रुपये) बरामद की गई। पुलिस ने थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 175/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। एक अन्य मामले में ग्राम अमलीडीहा गेट के पास आरोपी बालाराम साहू निवासी अमलीडीहा के कब्जे से 10,000 मिलीलीटर महुआ शराब (अनुमानित मूल्य 2,000 रुपये) जब्त की गई। इस मामले में थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 176/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन की रोकथाम के लिए थाना एवं चौकी प्रभारियों को सतर्कता बरतने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
--------