कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 28 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर स्मार्ट मीटर वापसी और बढ़े हुए बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत बोड़ला ब्लॉक में तरेगांव मैदान क्षेत्र के आश्रित ग्राम लालपुर से की गई। जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव दीपक मागरे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से संपर्क कर स्मार्ट मीटर वापसी संबंधी फॉर्म भरवाए।
यह अभियान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के आह्वान तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष छबि लाल वर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली, स्मार्ट मीटर तथा बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर आम उपभोक्ताओं में कई तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी को लेकर पार्टी ने प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर वापसी के लिए फॉर्म भरवाएंगे। इसके बाद इन फॉर्मों को बिजली विभाग के कार्यालय में जमा कराया जाएगा।
कांग्रेस ने इस अभियान को केवल ब्लॉक स्तर तक सीमित न रखते हुए बूथ स्तर से मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर तक संचालित करने की योजना बनाई है। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क की जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि मंडल एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी अभियान की निगरानी और समन्वय करेंगे।
बोड़ला ब्लॉक में अभियान की शुरुआती जिम्मेदारी जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव दीपक मागरे एवं एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश सचिव बंटी खान के नेतृत्व में संभाली गई है। लालपुर बूथ से शुरुआत के बाद ब्लॉक के अन्य बूथों में भी अभियान को विस्तार देने की तैयारी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष छबि वर्मा के मार्गदर्शन में मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को अभियान से जोडक़र इसे व्यापक रूप देने की बात कही गई है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, अभियान का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों और समस्याओं को एकत्र कर उन्हें संगठित रूप से बिजली विभाग के समक्ष रखना है। इसके लिए जिला स्तर पर प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं, ताकि बूथ से लेकर जिला स्तर तक प्राप्त फॉर्म और शिकायतों का समन्वय किया जा सके।
लालपुर में अभियान की शुरुआत के दौरान राहुल धुर्वे, साधराम, मोहित, शोभित, लालू सिंह, ईश्वर मरकाम, दीपक मरावी, दिनेश, विष्णु, रोहित सहित अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में बोड़ला ब्लॉक के सभी बूथों तक पहुंचकर उपभोक्ताओं से संपर्क किया जाएगा और स्मार्ट मीटर वापसी अभियान को जनअभियान का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।