कवर्धा

जर्जर भवन में स्कूल, 700 मीटर दूर मध्यान्ह भोजन
25-Aug-2026 5:46 PM
जर्जर भवन में स्कूल, 700 मीटर दूर मध्यान्ह भोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बोड़ला, 25 अगस्त। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में स्थित प्राथमिक शाला कुंडपानी में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली सामने आई है। स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर होने के कारण करीब दो वर्षों से बच्चों की कक्षाएं वैकल्पिक रूप से सामुदायिक विकास केंद्र में संचालित की जा रही हैं। यहां 56 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए महज एक शिक्षक पदस्थ है।

स्कूल में न तो पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था है और न ही परिसर में बाउंड्रीवाल है। इससे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी मूलभूत सुविधाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वैकल्पिक भवन में कक्षाएं संचालित होने के बावजूद बच्चों को मध्यान्ह भोजन के लिए करीब 700 मीटर दूर पुराने जर्जर स्कूल भवन में जाना पड़ता है। बारिश के मौसम में छोटे बच्चों को भोजन के लिए इतनी दूरी तय करनी पड़ रही है।

दो साल से वैकल्पिक

भवन में लग रही कक्षाएं

ग्रामीणों के अनुसार प्राथमिक शाला कुंडपानी का मूल भवन जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। सुरक्षा को देखते हुए करीब दो वर्षों से सामुदायिक विकास केंद्र में कक्षाएं लगाई जा रही हैं। लेकिन स्थायी स्कूल भवन की व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी है। इससे बच्चों के लिए अध्ययन का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।

56 बच्चों पर एक शिक्षक

स्कूल में कुल 56 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि उन्हें पढ़ाने की जिम्मेदारी केवल एक शिक्षक के भरोसे है। ऐसे में अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों को एक साथ संभालना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की व्यवस्था की जानी चाहिए।

मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव

स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। वहीं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा की कमी से विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने स्कूल के लिए सुरक्षित और सुविधायुक्त भवन निर्माण के साथ पर्याप्त शिक्षकों की पदस्थापना की मांग की है।

जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल

दो वर्षों से वैकल्पिक भवन में स्कूल संचालित होने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद जर्जर भवन, एक शिक्षक, शौचालय व बाउंड्रीवाल जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल के लिए शीघ्र नया भवन स्वीकृत कर निर्माण कराया जाए, पर्याप्त शिक्षकों की पदस्थापना हो तथा शौचालय और बाउंड्रीवाल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।


अन्य पोस्ट