कवर्धा

त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक
24-Aug-2026 6:15 PM
त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक

कवर्धा, 24 जुलाई। आगामी रक्षाबंधन, ईद-मिलादुन्नबी एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कबीरधाम पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल एवं हेमसागर सिदार के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर नागरिकों से समन्वय स्थापित किया गया।

इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली कवर्धा, थाना सहसपुर लोहारा, पिपरिया, पांडातराई, कुंण्डा, पंडरिया तथा चौकी पोडी एवं दशरंगपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठकों में संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, थाना/चौकी प्रभारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक एवं विभिन्न समाजों के प्रमुख उपस्थित रहे।

बैठकों में अधिकारियों ने आगामी पर्वों को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाने की अपील करते हुए निम्न महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों के लिए निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन किया जाए। बिना अनुमति किसी प्रकार का जुलूस, रैली अथवा सार्वजनिक आयोजन न किया जाए। डीजे, लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं समय-सीमा के अनुरूप ही किया जाए तथा ध्वनि की तीव्रता नियंत्रित रखी जाए।

धार्मिक आयोजनों के दौरान दूसरे समुदाय की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक नारेबाजी, पोस्टर, बैनर अथवा गतिविधि से बचने की अपील की गई।

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अफवाह, भ्रामक सूचना, पुराना अथवा भडक़ाऊ वीडियो/फोटो साझा या प्रसारित न करें। किसी संदिग्ध पोस्ट की सत्यता जांचे बिना उसे आगे फॉरवर्ड न करने की हिदायत दी गई।

पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों की खुशी तभी सार्थक है, जब क्षेत्र में शांति, भाईचारा और सुरक्षा बनी रहे। सभी समुदायों के सहयोग से जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


अन्य पोस्ट