कवर्धा

कांग्रेस का प्रदर्शन, बिजली दफ्तर घेरा और पुतला दहन
17-Jul-2026 6:20 PM
 कांग्रेस का प्रदर्शन, बिजली दफ्तर घेरा और पुतला दहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 17 जुलाई। पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदूर में बिजली की स्थिति, किसानों व श्रमिकों की समस्याओं, खाद-बीज की उपलब्धता और क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में चलाए गए कार्यक्रमों के विरोध में युवा कांग्रेस के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। अटल चौक, कुई में आयोजित इस धरने में क्षेत्र के नागरिक, किसान, श्रमिक और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए। धरने के बाद कार्यकर्ताओं ने एक रैली निकाली और बिजली कार्यालय का घेराव किया। कार्यालय के मुख्य द्वार पर लगे बैरिकेड्स को पार करने के प्रयास के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई।

कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर नारेबाजी की और अपनी मांगें रखीं।

आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई गईं- वनांचल क्षेत्र में बिजली की समस्या दूर की जाए और बिजली दरें कम की जाएं। स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद की जाए। किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए। गन्ना किसानों और चीनी कारखाना श्रमिकों का लंबित भुगतान ब्याज सहित किया जाए। प्रशासन द्वारा कथित घर वापसी कार्यक्रम के प्रवासियों की सूची सार्वजनिक की जाए।

युवा कांग्रेस के आरोप

युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वनांचल क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और खराब ट्रांसफॉर्मरों के कारण आम जनता, किसान और व्यवसायी परेशान हैं। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। आंदोलनकारियों ने स्थानीय प्रशासन पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए।

पुतला दहन और ज्ञापन

बिजली कार्यालय के घेराव के बाद प्रदर्शनकारी कुई बाजार क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने विधायक भावना बोहरा और सरकार की नीतियों के विरोध में पुतला दहन किया। इससे पूर्व, संगठन द्वारा संबंधित अधिकारियों को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा गया और समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।

युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट