कवर्धा

स्कूल-आंगनबाड़ी के बीच खड़ा जर्जर मोबाइल टावर, विद्यार्थियों व नौनिहालों की जान जोखिम में
04-Jul-2026 3:41 PM
स्कूल-आंगनबाड़ी के बीच खड़ा जर्जर मोबाइल टावर, विद्यार्थियों व नौनिहालों की जान जोखिम में

10 दिन पहले गांव में गिर चुका है एक अन्य टावर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बोड़ला,  4 जुलाई। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चिल्फी के आश्रित ग्राम सरोधदादार स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में लगा मोबाइल टावर जर्जर हालत में खड़ा है। टावर का बेस कमजोर पड़ चुका है और कई नट-बोल्ट निकल गए हैं। विद्यालय में अध्ययनरत 85 बैगा जनजाति के छात्र-छात्राओं के साथ ही पास में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले नौनिहालों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार टावर काफी समय से झुकी हुई स्थिति में है। तेज हवा या बारिश के दौरान इसके गिरने की आशंका बनी रहती है। विद्यालय परिसर में प्रतिदिन बच्चे पढ़ाई, प्रार्थना और खेलकूद करते हैं, जबकि समीप संचालित आंगनबाड़ी में छोटे बच्चे, गर्भवती एवं धात्री माताएं भी आती हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

टावर की खतरनाक स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों एवं विद्यालय प्रबंधन ने इसे हटाने के लिए तहसील प्रशासन को आवेदन दिया था। इसके बाद संबंधित टॉवर कंपनी के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और बताया कि टावर करीब 23 डिग्री तक झुक चुका है। निरीक्षण के बाद भी आज तक न तो टॉवर हटाया गया और न ही उसे सुरक्षित करने के लिए कोई कार्रवाई की गई।

ग्रामीणों ने बताया कि इसी गांव में लगभग 10 दिन पहले एक अन्य टावर गिर चुका है। इस घटना के बाद भी जिम्मेदार विभाग और संबंधित कंपनी ने कोई सबक नहीं लिया। इससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ गई है। उनका कहना है कि जब एक टावर पहले ही गिर चुका है, तब विद्यालय परिसर में खड़े इस जर्जर टावर को हटाने में की जा रही देरी समझ से परे है। ग्रामीणों, पालकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संबंधित टावर कंपनी से तत्काल हस्तक्षेप कर टॉवर को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और कोई अप्रिय घटना हुई, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों और कंपनी की होगी।


अन्य पोस्ट