कवर्धा

जब्त मॉडिफाइड साइलेंसर जेसीबी से कुचल किए नष्ट
29-Jun-2026 8:07 PM
जब्त मॉडिफाइड साइलेंसर जेसीबी से कुचल किए नष्ट

चालकों को समझाइश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 29 जून। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान जब्त 10 मॉडिफाइड साइलेंसर जेसीबी से कुचलकर नष्ट किए  गए। वाहन चालकों को ऐसे साइलेंसर उपयोग न करने की समझाइश दी गई।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा वाहनों में लगाए जा रहे मॉडिफाइड साइलेंसरों के विरुद्ध जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कवर्धा एसडीओपी आशीष शुक्ला, थाना प्रभारी कोतवाली योगेश कश्यप और पुलिस टीम द्वारा कवर्धा शहर में वाहन चेकिंग की गई।

वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 10 वाहनों में नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए गए। पुलिस टीम द्वारा इन वाहनों को थाना कोतवाली लाया गया और वाहन मालिकों की उपस्थिति में साइलेंसरों को निकलवाया गया। इसके बाद इन जब्त साइलेंसरों को थाना परिसर में जेसीबी मशीन के माध्यम से नष्ट कर दिया गया। संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

ध्वनि प्रदूषण और नियमों के उल्लंघन पर समझाइश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मॉडिफाइड साइलेंसरों से निकलने वाली तेज आवाज बुजुर्गों, मरीजों और विद्यार्थियों के लिए असुविधा का कारण बनती है और यह ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन है। वाहन चालकों को भविष्य में ऐसे साइलेंसरों का उपयोग न करने की हिदायत दी गई है।

पुलिस प्रशासन की अपील

कवर्धा एसडीओपी आशीष शुक्ला ने बताया कि जिले में कोतवाली एवं यातायात पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक उपकरणों का ही उपयोग करें। साथ ही, पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के संचालन की सूचना पुलिस को दें ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।


अन्य पोस्ट