कवर्धा

पंडरिया में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, थाना घेरा
24-Jun-2026 2:26 PM
पंडरिया में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, थाना घेरा

टीआई को हटाने की मांग, उग्र आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 24 जून। पंडरिया नगर और आसपास के क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला युवा कांग्रेसियों ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन, रैली, विधायक का पुतला दहन तथा थाना घेराव किया गया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

आंदोलन में शामिल लोगों ने क्षेत्र में अपराध की घटनाओं, एक आदिवासी युवक के नरकंकाल मिलने के मामले की जांच, अन्य लापता व्यक्तियों की तलाश, चोरी की घटनाओं, अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, नशे के प्रसार, सडक़ सुरक्षा और अन्य स्थानीय मुद्दों को उठाया।

जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के नागरिकों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और कुछ पीडि़त परिवारों के सदस्यों ने भाग लिया। वक्ताओं ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चिंता व्यक्त की।

वक्ताओं ने एक ही परिवार के तीन लोगों की गुमशुदगी, जिनमें से एक व्यक्ति का नरकंकाल मिलने के मामले, हत्या, चोरी, मारपीट, अवैध शराब बिक्री, सट्टा-जुआ, नशे की समस्या, महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा तथा सडक़ दुर्घटनाओं के मामलों का उल्लेख करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। कुछ वक्ताओं ने स्थानीय विधायक और प्रशासन की कार्यप्रणाली की भी आलोचना की।

धरना के बाद रैली निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा अन्य मांगों से जुड़े मुद्दे उठाए।

इसके बाद प्रदर्शनकारी पंडरिया थाना पहुंचे। थाना परिसर के बाहर पुलिस बल तैनात था तथा बैरिकेड लगाए गए थे। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान उपलब्ध नहीं हो सका।

थाना प्रभारी को हटाने की मांग

आंदोलनकारियों ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में आदिवासी युवक के नरकंकाल मिलने के मामले की निष्पक्ष जांच, अपराध नियंत्रण, अवैध शराब, सट्टा-जुआ और नशे के कारोबार पर कार्रवाई, छात्राओं की सुरक्षा तथा पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में वर्तमान थाना प्रभारी को हटाने की मांग भी शामिल थी। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है और आम लोगों के साथ व्यवहार को लेकर शिकायतें हैं। इन आरोपों पर थाना प्रभारी का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।

आंदोलन की चेतावनी

ज्ञापन सौंपते समय आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो वे आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।

विधायक का पुतला दहन

कार्यक्रम के अंत में प्रदर्शनकारियों ने विधायक भावना बोहरा का पुतला दहन किया। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने न्याय, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की मांग दोहराई।


अन्य पोस्ट