कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 10 जून। कबीरधाम जिले में थाना बोड़ला और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ग्राम खैरबनाखुर्द में एक जुआ फड़ पर दबिश देकर 10 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जुआ फड़ से 92 हजार 260 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि उसे सूचना मिली थी कि थाना बोड़ला क्षेत्र के ग्राम खैरबनाखुर्द में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक मौके पर 10 लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाते मिले। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और उनके पास से जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तथा नगदी जब्त की। गिरफ्तार आरोपियों में सुभाष मानिकपुरी, अमरदास मोहले, भागीरथी लांझी, नरायण तिलकवार, दीनू पटेल, अमन वर्मा, प्रेमचंद पटेल, संजय पटेल, कोदाराम पटेल, सोनू मिरी हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 21,260 रुपये नकद, सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश की एक गड्डी जब्त की गई। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 92,260 रुपये बताई है।
पुलिस का कहना है कि पकड़े गए लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। उन्हें न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर, थाना बोड़ला प्रभारी रूपक शर्मा तथा दोनों थानों की टीम शामिल रही।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील भी की।


