कवर्धा

खेल मैदान पर अतिक्रमण के खिलाफ ग्रामीण सडक़ पर, ज्ञापन
21-May-2026 3:54 PM
खेल मैदान पर अतिक्रमण के  खिलाफ ग्रामीण सडक़ पर, ज्ञापन

आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 21 मई। कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा के ग्राम पंचायत मलकछरा में एक सार्वजनिक कबड्डी खेल मैदान पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों और खिलाडिय़ों का आरोप है कि जिस मैदान पर वे पिछले 20 वर्षों से राज्य और जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित करते आ रहे हैं, उस पर कब्जा कर लिया गया है।

 ग्रामीणों के अनुसार, यह खेल मैदान किसी सरकारी मदद के बिना केवल ग्रामीणों द्वारा चंदा इक_ा करके तैयार किया गया है। यह न केवल खेल का स्थान है, बल्कि क्षेत्र के लोगों की पहचान और भावनाओं से जुड़ा हुआ है।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे पिछले दो वर्षों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जनसेवक आनंद सिंह ने उनके साथ मिलकर पंडरिया एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब गांव की सार्वजनिक जमीन और बच्चों का खेल मैदान ही सुरक्षित नहीं है, तो फिर सरकार द्वारा किए जा रहे विकास के दावे बेमानी हैं। समाजसेवी आनंद सिंह ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि सार्वजनिक भूमि और जनता के अधिकारों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों द्वारा जन आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें- कबड्डी मैदान से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए। दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। खेल मैदान को आधिकारिक रूप से ‘सुरक्षित क्षेत्र’ घोषित किया जाए। प्रशासन गांव की सभी सार्वजनिक भूमियों को बचाने के लिए ठोस कदम उठाए।

 


अन्य पोस्ट