कवर्धा

‘डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन’ सेवा का शुभारंभ
21-May-2026 3:44 PM
‘डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन’ सेवा का शुभारंभ

डिप्टी सीएम शर्मा ने वाहनों को दिखाई हरी झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 21 मई। कबीरधाम जिले में नागरिक सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी, त्वरित एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में थाना कोतवाली परिसर, कवर्धा में ‘डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन’ सेवा का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर गृह मंत्री द्वारा डायल-112 के 16 नवीन इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों (ईआरवी) एवं एक हाईवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर जिले में सेवा हेतु अलग अलग थाना में  रवाना किया गया।

कार्यक्रम में गौ सेवा आयोग अध्यक्ष बिशेसर पटेल, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल,  जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम ध्रुवे, नंदलाल चंद्राकर, एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार चंद्राकर, आशीष शुक्ला,  संजय ध्रुव, अखिलेश कौशिक, भूपत सिंह धनश्री, अंजू कुमारी तथा निरीक्षक योगेश कुमार कश्यप सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन सेवा राज्य सरकार की नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को आधुनिक तकनीक एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली से जोडऩे का उद्देश्य आम नागरिकों को संकट की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि डायल-112 सेवा ‘एक्के नंबर - सब्बो बर’ की अवधारणा पर आधारित है, जिसके अंतर्गत अब नागरिकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए भिन्न-भिन्न नंबर याद रखने की आवश्यकता नहीं होगी। केवल ‘112’ डायल कर पुलिस सहायता, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं का लाभ एकीकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त किया जा सकेगा।

 उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि नवीन इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन अत्याधुनिक जीपीएस तकनीक, रियल टाइम ट्रैकिंग, डिजिटल कम्युनिकेशन एवं मॉनिटरिंग सिस्टम से सुसज्जित हैं, जिससे सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थितियों में शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने हेतु हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा डायल-112 सेवा के प्रभावी संचालन एवं नागरिकों तक त्वरित सहायता पहुंचाने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

कबीरधाम पुलिस की अपील

कबीरधाम पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी आकस्मिक, आपातकालीन अथवा संकट की स्थिति में बिना किसी संकोच के तत्काल डायल-112 सेवा का उपयोग करें। कबीरधाम पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, सहायता एवं त्वरित सेवा हेतु चौबीसों घंटे प्रतिबद्ध एवं तत्पर है।


अन्य पोस्ट