कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 13 मई। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के कुई-कुकदुर और कुंडा महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए आगामी शैक्षणिक सत्र से दो नई नि:शुल्क बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। यह जानकारी पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने दी।
विधायक के अनुसार, इन नई सेवाओं के शुरू होने के बाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 10 नि:शुल्क बस सेवाएं संचालित होंगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में संचालित बस सेवाओं से 1000 से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं।
कुई-कुकदुर महाविद्यालय के लिए बस सेवा ग्राम अमनिया से शुरू होकर नेऊर, कुशियारी, दमगढ़, लुढुटोला, उपका, अमेरा और कुकदुर होते हुए महाविद्यालय पहुंचेगी। वहीं कुंडा महाविद्यालय के लिए बस सेवा पेंड्रीकला, बसनी, घोरपेंड्री, कोलेगांव, दामापुर, खैरातुलसी, कोदवाकला, पंवरजली, दुल्लीपारा, माकरी और खैलटुकरी से होकर संचालित होगी।
बस सेवा से संबंधित जानकारी के लिए 9754462000 और 9755359004 नंबर जारी किए गए हैं। विधायक ने बताया कि छात्राओं के पंजीयन की प्रक्रिया जून माह से शुरू होगी। इसके लिए छात्राएं अपने नजदीकी ‘जनसेवा ही भावना सेवा सुविधा केंद्र’ से फॉर्म प्राप्त कर जमा कर सकेंगी।
भावना बोहरा ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए यह पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में पहले से कवर्धा, सहसपुर लोहारा, पंडरिया, पांडातराई और पिपरिया महाविद्यालय के लिए नि:शुल्क बस सेवाएं संचालित हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा और अन्य सुविधाओं के लिए विभिन्न सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा, मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, रायपुर में पंडरिया सेवा सदन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग शामिल है।


