कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 18 अप्रैल। सहकारिता विभाग द्वारा पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में पांच नई सोसायटियों के संचालन की स्वीकृति दी गई है। इसी क्रम में कामठी सोसायटी से पृथक कर ग्राम मुनगाडीह में नई सोसायटी एवं धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह निर्णय किसानों को कृषि उपज से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है। नई सोसायटी का वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किया। इसके लिए क्षेत्रीय स्तर पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस सोसायटी से लगभग 700 किसानों को लाभ मिलने की बात कही गई है। इसके तहत करीब तीन करोड़ रुपये के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना और लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के खाद एवं बीज वितरण की सुविधा उपलब्ध होने का उल्लेख किया गया है।
इस सोसायटी के माध्यम से ग्राम मुनमुना, सगौना, बदौरा और पिपरहा के किसान अपनी उपज का विक्रय कर सकेंगे।
कार्यक्रम में कामठी सोसायटी के अध्यक्ष, सरपंच, पंचगण, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय, भारत माता और छत्तीसगढ़ माता के पूजन के साथ की गई। इसके बाद सभा में शासन से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।


