कवर्धा

निर्माणाधीन सड़क कार्य बंद, ग्रामीणों में नाराजग़ी
26-Feb-2026 7:25 PM
निर्माणाधीन सड़क कार्य बंद, ग्रामीणों में नाराजग़ी

आंदोलन की चेतावनी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कवर्धा, 26 फरवरी।
कबीरधाम जिले के कुंडा ब्लॉक के ग्राम बंसापुर-प्राणखैरा से धौराबंद तक निर्माणाधीन सड़क कार्य बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में नाराजग़ी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण विभाग ने ठेकेदार पर देरी और गुणवत्ता संबंधी आरोप लगाते हुए कार्य रुकवा दिया, जबकि सड़क निर्माण की समय-सीमा अप्रैल तक निर्धारित बताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और मिट्टी लेवलिंग का कार्य प्रारंभ हो चुका था। इस मार्ग के निर्माण के लिए कई किसानों ने निजी भूमि भी दान में दी है। ऐसे में कार्य रुकने से स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ गया है।

जनसेवक आनंद सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्टर एवं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर दो दिवस के भीतर निर्माण कार्य पुन: प्रारंभ कराने की मांग की है। साथ ही, मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर संभावित आंदोलन की सूचना दी है।

आनंद सिंह ने कहा कि वर्षों से ग्रामीण स्वयं इस दुर्गम मार्ग को सुधारकर आवागमन योग्य बनाते रहे हैं। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद राजनीतिक कारणों से इसे बंद कराया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने संबंधित जनप्रतिनिधि से इस विषय पर जवाब देने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र के कई ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट