कांकेर
सरकार पर साधा निशाना
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 9 जून। कांकेर जिले में चारामा ब्लॉक के हराडुला रेत खदान में देर रात अवैध खनन की शिकायत मिलने पर भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी स्वयं मौके पर पहुंचीं। विधायक के हस्तक्षेप के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और कार्रवाई के दौरान पांच हाइवा तथा एक चौन माउंटेन पोकलेन मशीन को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हराडुला खदान क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन किए जाने की सूचना विधायक मंडावी को मिली थी। शिकायत के बाद वे मौके पर पहुंचीं, जहां कई वाहन रेत परिवहन में लगे पाए गए। विधायक द्वारा पुलिस अधीक्षक को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और वाहनों तथा मशीनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
मौके पर विधायक सावित्री मंडावी ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध गतिविधियां और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं तथा जन शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। विधायक ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों को लगातार शिकायतें मिलने के बावजूद अवैध रेत उत्खनन पर अंकुश नहीं लग पाया है।
विधायक ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन देर रात किसी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद उन्हें स्वयं खदान पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद क्षेत्र में अवैध खनन लगातार जारी है।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई के बावजूद रेत माफिया रात के अंधेरे में सक्रिय रहते हैं और नदियों से लगातार अवैध उत्खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने नियमित निगरानी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विधायक मंडावी ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित रेत उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


