कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर/जगदलपुर, 9 अप्रैल। कांकेर जिले के सिकसोड़ थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति द्वारा अपने ही छोटे भाई के घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घर जलकर खाक-थाना प्रभारी रामजी तारमे के अनुसार, प्रार्थिया श्यामबती गावड़े ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 अप्रैल की सुबह वह महुआ बीनने गई थी, जबकि उसके पति काम के सिलसिले में बाहर गए थे।
दोपहर में घर लौटने पर उसने देखा कि उसके जेठ बल्लूराम गावड़े ने जलती लकड़ी से घर में आग लगा दी। घटना को देखकर वह घबरा गई और अपने पति को सूचना देने गई।
जब वह पति के साथ वापस लौटी, तब तक घर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी बल्लूराम गावड़े (50 वर्ष) निवासी मेटाबोदली पटेलपारा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


