जान्जगीर-चाम्पा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 9 फरवरी। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटगढ़ गांव के पास रविवार तड़के तीन ट्रेलर आपस में टकरा गए, जिससे उनमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई, जबकि दो अन्य चालक किसी तरह जान बचाने में सफल रहे। आग पर काबू पाने में करीब ढाई घंटे का समय लगा।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 4:30 बजे कोयले से भरे ट्रेलर को कोरबा जिले के मणिकपुर निवासी सुखनंदन गौड़ लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। उसने सामने चल रहे दो अन्य ट्रेलरों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दोनों ट्रेलर अकलतरा से बलौदा की ओर गिट्टी लेकर जा रहे थे। टक्कर के तुरंत बाद तीनों ट्रेलरों के केबिन में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में लपटें विकराल हो गईं।
हादसे के बाद दो ट्रेलरों के चालक श्यामलाल यादव और छोटेलाल यादव समय रहते केबिन से बाहर निकल आए। लेकिन सुखनंदन गौड़ केबिन में फंस गया। आग तेजी से फैलती गई और केबिन पूरी तरह धधक उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई भी उसे बचा नहीं सका। कुछ ही देर में वह ट्रेलर सहित पूरी तरह जल गया।
हादसे और आग के कारण अकलतरा–बलौदा मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जलते ट्रेलरों से उठती लपटें और घना धुआं सड़क पर फैल गया, जिससे आवागमन रोकना पड़ा।
करीब सुबह 7 बजे, जब आग पर काबू पा लिया गया और जले हुए वाहनों को हटाया गया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रारंभिक प्रयास किया गया। इसके बाद जांजगीर से दमकल विभाग को सूचना दी गई।
दो फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचे और करीब 6:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।


