जान्जगीर-चाम्पा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
शिवरीनारायण, 30 दिसंबर। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हास्य कवि एवं पद्मश्री डॉ. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में 10 जनवरी को शिवरीनारायण के मेला ग्राउंड चौपाटी में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन ईशिका लाइफ फाउंडेशन एवं शिवरीनारायण प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। सम्मेलन का संदेश स्पष्ट है— ञ्जद्बद्दद्गह्म् अभी जि़ंदा है’, अर्थात डॉ. दुबे की लेखनी और व्यंग्य आज भी जीवंत हैं।
आयोजन का यह चतुर्थ वर्ष है। प्रेस क्लब के सचिव संतोष अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 10 जनवरी को स्वयं डॉ. सुरेन्द्र दुबे शिवरीनारायण में कवि सम्मेलन आयोजित किया करते थे। उनके निधन के बाद भी उसी परंपरा को जीवित रखते हुए यह आयोजन उनकी स्मृति में किया जा रहा है।
प्रमुख अतिथि- कवि सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मा. तोखन साहू एवं छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री मा. अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी।
देशभर के कवि देंगे प्रस्तुति: देश के विभिन्न हिस्सों से आए ख्यातिप्राप्त कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को आनंदित करेंगे। आमंत्रित कवियों में— अनिल चौबे (बनारस), एकाग्र शर्मा (इंदौर), प्रीति पाण्डेय (प्रतापगढ़), श्रद्धा शौर्य (नागपुर), संस्कार साहू तथा स्थानीय हास्य कवि हीरामणी वैष्णव (शिवरीनारायण) शामिल हैं। उद्देश्य प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुरली नायर ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य डॉ. सुरेन्द्र दुबे की साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाना और नई पीढ़ी को साहित्य से जोडऩा है। यह आयोजन यह संदेश देगा कि महान रचनाकार कभी नहीं मरते।
आयोजन विवरण: तिथि— 10 जनवरी, समय— रात्रि 7 बजे से, स्थान— मेला ग्राउंड चौपाटी, शिवरीनारायण।
कवि सम्मेलन को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है और साहित्य प्रेमी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।


