जान्जगीर-चाम्पा
छह आरोपी गिरफ्तार, 17.30 लाख का सामान बरामद जब्ती
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जांजगीर-चांपा/ बिलासपुर, 8 फरवरी। शिवरीनारायण क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मरों से कॉपर और एल्युमिनियम तार चोरी की लगातार घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य पुलिस और आम लोगों को चकमा देने के लिए बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस का रूप देकर चोरी का माल ढोते थे। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल, वाहन और औजार सहित कुल 17 लाख 30 हजार की सामग्री जब्त की है।
जांजगीर-चांपा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि जनवरी माह में शिवरीनारायण क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर चोरी की दो गंभीर घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना 13-14 जनवरी की रात की है, जब रोड दुर्पा के पास पुराने ट्रांसफॉर्मर से लगभग 230 किलो कॉपर तार चोरी हो गया। दूसरी घटना 22 जनवरी को लोहर्सी के पास हुई, जहां ट्रांसफॉर्मर से करीब 200 किलो कॉपर तार चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस को संगठित गिरोह की संलिप्तता के संकेत मिले।
जांच के दौरान पुलिस ने मस्तूरी क्षेत्र के रिसदा परसाडीह निवासी अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपने साथियों के साथ ट्रांसफॉर्मर और केबल चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर ट्रांसफॉर्मर के हिस्से, कॉपर व एल्युमिनियम तार, चार मोबाइल फोन, एक छोटा हाथी वाहन, एम्बुलेंस के रूप में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो, कटर मशीन, ब्लेड और प्लास बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य पहले इलाके में घूमकर ट्रांसफॉर्मरों और केबल की रेकी करते थे। मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाई जाती और फिर रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता। चोरी के दौरान पिकअप वाहन और एम्बुलेंस के रूप में बदली गई बोलेरो का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद चोरी का माल कबाड़ी को बेच दिया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किया गया कॉपर और एल्युमिनियम बिलासपुर में खपाया जा रहा है। करबला, शनिचरी, सरकंडा, कोनी, उसलापुर ओवरब्रिज, तिफरा ओवरब्रिज और सिरगिट्टी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर धातु खरीदने वाले कबाड़ी यार्ड संचालित हैं। पुलिस पहले भी इन यार्डों से चोरी का धातु जब्त कर चुकी है। जानकारी के अनुसार, अधिकांश स्क्रैप चांपा क्षेत्र से आता है और रेलवे का चोरी का सामान भी यहीं बेचा जाता रहा है।
आरोपियों ने मुलमुला और अकलतरा में एल्युमिनियम केबल चोरी की वारदातों में शामिल होने की भी बात स्वीकार की है। इससे पहले बलौदाबाजार और बिलासपुर जिलों सहित अन्य गांवों में भी इनके खिलाफ चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपियों पर भाटापारा ग्रामीण, गिधौरी, मस्तूरी और पचपेड़ी थानों में पूर्व से प्रकरण दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी (26), संतोष भास्कर (38), वीरेंद्र सुमन (39), राज आर्यन वानी उर्फ छोटू वानी (20), अमन रात्रे (20) और राज आर्यन उर्फ रोहित वानी (21) शामिल हैं। सभी आरोपी मस्तूरी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।


