अंतरराष्ट्रीय
रेड क्रॉस के एक अधिकारी का कहना है कि नाइजीरिया के क्वारा प्रांत में बंदूकधारी हमलावरों ने कम से कम 67 लोगों की हत्या की है. क्वारा प्रांत के रेड क्रॉस सचिव बाबाओमो अयोदेजी के मुताबिक, 67 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और कुछ लोग अब भी लापता हैं. जिस जगह नरसंहार को अंजाम दिया गया, वहां जनवरी अंत में नाइजीरियाई सेना ने "आतंकवादी तत्वों" के खिलाफ सफल अभियान का दावा किया था.
काईआमा क्षेत्र के स्थानीय नेता सैदू बाबा अहमद ने समाचार एजेंसी एएफपी से कहा, गोलियों से बचने के लिए कई लोग झाड़ियों में छुप गए. अहमद ने दावा किया कि बंदूकधारी, 3 फरवरी की शाम छह बजे वोरो गांव में घुसे और उन्होंने कई दुकानों और राजा के महल को आग भी लगा दी. परंपरा निभाने वाला राजा का अब भी कोई सुराग नहीं मिला है.
नाइजीरिया की सेना ने 30 जनवरी को दावा किया कि उसने क्वारा में करीब 150 आतंकवादियों को खत्म किया है. सेना ने यह भी कहा कि बचे खुचे आतंकी जंगलों में भाग गए.
नाइजीरिया के कई हिस्सों में हथियारबंद गुटों का बोलबाला है. स्थानीय तौर पर डकैत कहे जाने वाले ये गुट, गांवों में लूटपाट और फिरौती के लिए अपहरण करते हैं. देश के उत्तर पूर्वी और उत्तर पश्चिमी हिस्से में जिहादी गुट भी सक्रिय हैं. (dw.com/hi)


