अंतरराष्ट्रीय

अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स से बढ़ा कैंसर सर्वाइवर्स की मौत का खतरा: शोध
05-Feb-2026 12:04 PM
अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स से बढ़ा कैंसर सर्वाइवर्स की मौत का खतरा: शोध

इटली में किए गए एक नए शोध में पाया गया है कि कैंसर से जूझ रहे वे मरीज जो अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स (यूपीएफ) अधिक मात्रा में खाते हैं, उनकी समय से पहले मौत का जोखिम काफी बढ़ जाता है. कैंसर एपिडिमियॉलिजी. बायोमार्कर्स एंड प्रिवेंशन जर्नल में प्रकाशित इस रिसर्च में कहा गया है कि सबसे ज्यादा यूपीएफ खाने वाले कैंसर सर्वाइवर्स में किसी भी वजह से मौत का खतरा 48 फीसदी और कैंसर से मौत का खतरा 59 फीसदी ज्यादा पाया गया. अध्ययन में आइसक्रीम, पैक्ड ब्रेड, नमकीन स्नैक्स, प्रोसेस्ड मीट और शुगरी ड्रिंक्स जैसे खाद्य पदार्थों को यूपीएफ की श्रेणी में रखा गया है.

यह अध्ययन दक्षिणी इटली के मोलीजे क्षेत्र में रहने वाले 24,325 लोगों पर 2005 से 2022 तक किया गया, जिनमें से 802 कैंसर सर्वाइवर्स ने अपने भोजन से जुड़ी जानकारी साझा की थी. शोधकर्ताओं के अनुसार यूपीएफ में मौजूद एडिटिव्स, प्रिजर्वेटिव्स और अत्यधिक प्रोसेसिंग शरीर के मेटाबॉलिज्म, आंतों के माइक्रोबायोटा और इंफ्लेमेशन को प्रभावित करते हैं. टीम ने अध्ययन प्रतिभागियों के बायोमार्कर्स की जांच में पाया कि अधिक यूपीएफ खाने वालों में सूजन के स्तर और रेस्टिंग हार्ट रेट दोनों ज्यादा थे, जो मृत्यु जोखिम में वृद्धि की एक संभावित वजह हो सकती है.  (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट