अंतरराष्ट्रीय
REUTERS/HATEM KHALED
इसराइली सेना का कहना है कि सोमवार के बाद से क़रीब तीन लाख लोग रफ़ाह छोड़कर मानवीय क्षेत्र की तरफ़ चले गए हैं.
सोमवार को इसराइली सेना ने रफ़ाह के लोगों से पड़ोस के इलाक़े की तरफ़ जाने के लिए कहा था.
इसराइली सेना ने समंदरी तट से लगी संकरी पट्टी अल-मवासी को मानवीय क्षेत्र घोषित किया है.
लेकिन संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि यहां इतनी बड़ी तादाद में लोगों के रहने के लिए पर्याप्त इंतज़ाम नहीं हैं.
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़, यहां न पानी की व्यवस्था है और ना ही साफ़-सफ़ाई की.
इसराइली सेना रफ़ाह में हमास लड़ाकों पर हमला करने की योजना पर आगे बढ़ रही है.
शनिवार को सेना ने रफ़ाज़ के पूर्वी इलाक़े से दसियों हज़ार अतिरिक्त लोगों से रफ़ाह छोड़ने के लिए कहा है.
वहीं इसराइली सेना ने उत्तरी ग़ज़ा के कुछ इलाक़े छोड़ने का आदेश भी फ़लस्तीनी लोगों को दिया है.
लोगों के छोड़कर जाने के बाद रफ़ाह के कुछ इलाक़ों में सन्नाटा पसरा है.
जिन इलाक़ों में कुछ दिन पहले तक स्थानीय लोगों और ग़ज़ा के दूसरे हिस्सों से आए शरणार्थियों की भीड़ थी वो अब पूरी तरह खाली हैं.
माना जा रहा है कि इसराइल के टैंकों ने रफ़ाह की घेराबंदी कर ली है और अब सेना आगे बढ़ सकती है.
बीते चौबीस घंटों में इसराइल ने रफ़ाह पर कई बड़े हवाई हमले भी किए हैं.
इसराइल का कहना है कि वह हमास के ठिकानों को निशाना बना रहा है. (bbc.com/hindi)


