अंतरराष्ट्रीय
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और कनाडा को जोड़ने वाले पुल के उद्घाटन नहीं होने देने की धमकी दी है.
ट्रंप ने कहा है कि जब तक कनाडा को दिए हर तरह के योगदान के लिए अमेरिका को पूरा मुआवज़ा नहीं मिल जाता, तब तक वह इस पुल का उद्घाटन नहीं होने देंगे.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, "कनाडा के ओंटारियो को अमेरिका के मिशिगन से जोड़ने वाला गॉर्डी होवे अंतरराष्ट्रीय पुल तब तक नहीं खुलेगा जब तक अमेरिका के साथ वह निष्पक्षता भरा व्यवहार नहीं करता."
प्रोजेक्ट की वेबसाइट के मुताबिक, पुल के निर्माण के लिए पैसा कनाडा ने खर्च किया है. लेकिन इसका स्वामित्व कनाडा और मिशिगन दोनों के पास रहेगा.
मिशिगन की डेमोक्रेट सीनेटर एलिसा स्लॉटकिन ने कहा, "इस प्रोजेक्ट को रोकना राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत बुरा होगा."
हालांकि अभी तक ये साफ़ नहीं है कि राष्ट्रपति ट्रंप कैसे इस पुल का उद्घाटन होने से रोक सकते हैं.
टेस्ट पूरा होने के बाद इस पुल को इस साल की शुरुआत में ही ओपन किया जाना तय हुआ था. इस पुल के बनने की शुरुआत साल 2018 में हुई थी. (bbc.com/hindi)


