अंतरराष्ट्रीय
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने ईरान और अमेरिका के अधिकारियों के बीच बातचीत को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "ओमान में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधी बातचीत के दौरान यह साफ़ हो गया कि आगे भी बातचीत जारी रहेगी."
दरअसल, ईरान और अमेरिका में बातचीत की मध्यस्थता ओमान ने की है.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल ने ओमान के राजनयिकों के माध्यम से डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव व्हिटकॉफ़ और राष्ट्रपति ट्रंप के दामाद ज़ेरेड कुशनर से अप्रत्यक्ष वार्ता की.
अब्बास अराग़ची ने पुष्टि की कि वार्ता के अंत में उनकी अमेरिकी अधिकारियों के साथ 'संक्षिप्त मुलाकात' हुई थी.
इस्माइल बाक़ाई ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की अमेरिका यात्रा पर भी प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "यह अमेरिका पर निर्भर करता है कि दबाव और विनाशकारी प्रभावों से मुक्त होकर काम करने पर कैसे फैसला लेता है. जो निश्चित रूप से क्षेत्र के लिए ख़तरनाक है, वो अमेरिका के लिए भी ख़तरनाक है."
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अमेरिका में मुलाकात कर सकते हैं. (bbc.com/hindi)


