अंतरराष्ट्रीय

पुतिन ने माना, चीन से संबंध ऐतिहासिक रूप से मज़बूत हुए
20-May-2021 5:21 PM
पुतिन ने माना, चीन से संबंध ऐतिहासिक रूप से मज़बूत हुए

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने वीडियो लिंक के ज़रिए चीन में रूसी तकनीक से लैस थर्ड जेनरेशन के चार न्यूक्लियर रिएक्टर की शुरुआत की. रूस ने चीन में इन चारों न्यूक्लियर पावर प्लांट को बनाया है.

पर्यवेक्षकों का कहना है कि ये चार नए न्यूक्लियर रिएक्टर चीन और रूस के बीच ऊर्जा परियोजना में सबसे बड़ी साझेदारी है. इसे परमाणु ऊर्जा सहयोग के मामले में मील का पत्थर माना जा रहा है. कहा जा रहा है कि रूस और चीन की क़रीबी लगातार बढ़ रही है.

चीनी अख़बार ग्लोबल टाइम्स से चीनी विशेषज्ञों ने कहा कि उर्जा सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में यह दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी है. दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य हैं और दोनों की यह नज़दीकी काफ़ी मायने रखती है. रूस ने कहा है कि दोनों देशों के सहयोग के लिए यह मिसाल है.

रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि ये न्यूक्लियर पावर प्लांट शक्तिशाली और आधुनिक हैं और संयुक्त उपक्रम के लिए ये अपने आप में मिसाल हैं. पुतिन ने कहा कि ये रिएक्टर सुरक्षा के सभी पैमानों पर दुरुस्त हैं. रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन के साथ अभी और पावर प्लांट बनाए जाएंगे. समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार पुतिन ने कहा कि रूस और चीन के संबंध ऐतिहासिक रूप से मज़बूत हुए हैं.

पुतिन ने कहा, ''रूस और चीन की साझेदारी आपसी भरोसे के साथ राजनीतिक मामलों में, व्यापार, अर्थव्यवस्था, संस्कृति और मानवीय सहयोग में पूरी तरह से सफल रही है. हम कह सकते हैं कि रूस और चीन का संबंध ऐतिहासिक रूप से सबसे ऊंचाई पर पहुँच चुका है.''


अन्य पोस्ट