गोरेला पेंड्रा मरवाही

दहेज के लिए गर्भवती से मारपीट, नवजात की मौत
01-Jun-2026 1:06 PM
दहेज के लिए गर्भवती  से मारपीट, नवजात की मौत

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 1 जून। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र के लालपुर गांव से दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का एक संवेदनशील मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान उसके साथ की गई मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में जन्मे नवजात की उपचार के दौरान मौत हो गई।

पीड़िता मीना पुरी (25) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसका लालपुर निवासी सोनू पुरी से प्रेम संबंध था। वर्ष 2022 में वह सोनू के साथ उसके घर रहने लगी थी और बाद में 5 जून 2023 को दोनों ने सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर लिया।

मीना के अनुसार विवाह के लगभग एक वर्ष बाद पति सोनू पुरी, सास राधाबाई और ससुर सोनसाय ने दहेज में मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार ताने दिए गए, गाली-गलौज की गई और कई बार मारपीट भी की गई।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गर्भवती होने के बाद भी उसके साथ दुर्व्यवहार जारी रहा। उसके अनुसार 11 अप्रैल 2026 को पति ने कथित रूप से उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान पति उसके पेट पर बैठ गया, जिससे वह बेहोश हो गई। घटना के बाद गर्भस्थ शिशु की गतिविधियां बंद हो गईं और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।

शिकायत के अनुसार हालत गंभीर होने पर 15 अप्रैल को उसे गौरेला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक पुत्र को जन्म दिया। जन्म के समय ही नवजात की स्थिति नाजुक बताई गई। चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया।

बिलासपुर के एक शिशु अस्पताल में लगभग दस दिनों तक उपचार के बाद नवजात की मौत हो गई। पीड़िता का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान हुई कथित मारपीट और समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

नवजात की मौत के बाद मीना पुरी ने पति सोनू पुरी, सास राधाबाई और ससुर सोनसाय को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। वह अपने पिता के साथ गौरेला थाना पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।  


अन्य पोस्ट