गोरेला पेंड्रा मरवाही

सराफा कारोबारी हत्याकांड में झारखंड से दो और गिरफ्तार
10-Jun-2026 2:19 PM
सराफा कारोबारी हत्याकांड में झारखंड से दो और गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 10 जून। जिले के बहुचर्चित सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार एसटीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने झारखंड में छिपे दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या और लूट की वारदात में इस्तेमाल किए गए दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

गौरतलब है कि 26 मई की शाम कोटमी बाजार में पेंड्रा के सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी से लूटपाट का प्रयास किया गया था। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले कारोबारी की गतिविधियों और व्यापार से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई थी। इसके लिए उन्होंने बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र में रहने वाले एक सहयोगी की मदद ली थी। पुलिस  

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उनसे मिली जानकारी के आधार पर झारखंड में राहुल मंडल को पकड़ा गया। इसके बाद गोड्डा जिले के बसंतराय थाना क्षेत्र में छापेमारी कर संतोष कुमार दास उर्फ संजय दास को गिरफ्तार किया गया।

इसी दौरान अंतरराज्यीय अपराधी सुजीत कुमार उर्फ सरगुन उर्फ राजू दास को भी गोड्डा टाउन थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह बिहार के बांका जिले के राजौन थाना क्षेत्र स्थित कठचातर गांव का निवासी है।

पुलिस के अनुसार संतोष कुमार दास के खिलाफ पांच और सुजीत कुमार के खिलाफ विभिन्न थानों में दस आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।


अन्य पोस्ट