गरियाबंद
नवापारा-राजिम, 21 अगस्त। सावन मास को हिंदू धर्म में पवित्र एवं आस्था का महीना माना जाता है। इसी पावन श्रावण मास में भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के झूला उत्सव की परंपरा भी निभाई जाती है। नवापारा नगर सहित समूचे अंचल में श्रावण झूला महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नगर के विभिन्न मंदिरों में विशेष साज-सज्जा के साथ झूला उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्री राधा कृष्ण मंदिर, श्री सत्यनारायण मंदिर, राम-जानकी मंदिर साहू समाज द्वारा निर्मित राजिम भक्तिन मंदिर, गोवर्धन नाथ हवेली मंदिर, श्री राधा कृष्ण मंदिर सदर रोड सहित अन्य मंदिरों में भगवान को आकर्षक झूले में विराजमान कर विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रावण झूला महोत्सव के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं। भक्तगण आस्था एवं श्रद्धा के साथ भगवान की सेवा में जुटे हुए हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन भी किए जा रहे हैं।