गरियाबंद

कलेक्टर-एसपी का औचक निरीक्षण
13-Apr-2026 4:08 PM
कलेक्टर-एसपी का औचक निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 13 अप्रैल।  कलेक्टर बीएस उइके एवं पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर ने विकासखंड के विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नागाबुड़ा व पीपरछेड़ी में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति और प्राचार्यों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधितों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीपरछेड़ी में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने आदिवासी शासकीय आश्रम शाला कमारभौदी का निरीक्षण कर बच्चों के रहने की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मच्छरदानी, बिस्तर एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। आंगनबाड़ी केंद्र नागाबुड़ा में बच्चों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया गया।

 

बच्चों ने उत्साहपूर्वक वर्णमाला, अल्फाबेट, गीत और कहानियां सुनाई, जिस पर अधिकारियों ने उनकी सराहना करते हुए चॉकलेट वितरित किए। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण, टीकाकरण और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।


अन्य पोस्ट