गरियाबंद

अहिल्या बाई होल्कर की जयंती पर स्वच्छता दीदियां सम्मानित
31-May-2025 4:26 PM
अहिल्या बाई होल्कर की जयंती पर स्वच्छता दीदियां सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 30 मई। देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती कार्यक्रम का आयोजन 29 मई को जनपद पंचायत कार्यालय अभनपुर में किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला पंचायत सदस्य अन्नू तारक, जनपद पंचायत अध्यक्ष चंद्रिका बंजारे, ग्राम तुता सरपंच भरत बैस, जनपद सीईओ राजेंद्र पांडे के अलावा जनपद पंचायत अभनपुर के सभापति व सदस्य मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ देवी अहिल्या बाई होल्कर के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने अहिल्याबाई होल्कर की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अहिल्याबाई ने स्वयं को पूर्ण रूप से समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। महारानी अहिल्याबाई हमेशा अपनी प्रजा व गरीबों के कल्याण के बारे में सोचती थीं। इसके साथ ही वे गरीबों व जरूरतमंदों की हरसंभव मदद के लिए हमेशा तत्पर रहती थीं। वे एक कुशल शासक थीं। उन्होंने शिक्षा, धर्म और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया। इस दौरान अतिथियों ने नारी शक्ति को नमन किया और विशेष रूप से सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों को नारियल भेंट कर सम्मानित किया गया।


अन्य पोस्ट