गरियाबंद

पति की लंबी उम्र के लिए रखा वट सावित्री व्रत
26-May-2025 9:13 PM
पति की लंबी उम्र के लिए रखा वट सावित्री व्रत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 26 मई। सोमवार को गरियाबंद नगर सहित ग्रामीण अंचलों में वट सावित्री व्रत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही लाल-पीली साडिय़ों में सजी महिलाएं मंदिरों और वट वृक्षों के नीचे पहुंचकर पूजा-अर्चना में जुट गईं। इस दौरान काली मंदिर, शिव मंदिर फॉरेस्ट परिसर, गांधी मैदान शिक्षक नगर में खास भीड़ देखी गई।

सुहागिनों ने वट वृक्ष के चारों ओर 12 बार परिक्रमा कर कच्चा सूत बांधा और पति की लंबी उम्र, पारिवारिक सुख-शांति व संतान की कामना की। व्रत रखने वाली महिलाएं दिनभर निर्जला रहीं और शाम को पूजा के बाद ही अन्न ग्रहण किया।

इस बार व्रत को लेकर नवविवाहिताओं में विशेष उत्साह देखा गया। सुहागिनों ने सोलह श्रृंगार कर पूरे विधि-विधान से पूजा की। नगर की गलियों में सजी-धजी महिलाओं की चहल-पहल दिनभर बनी रही।


अन्य पोस्ट