गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 26 मई।।वरिष्ठ समाजसेवी एवं गौ सेवक रामजी लाल अग्रवाल का शनिवार को 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। स्वर्गीय अग्रवाल छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री एवं रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पिता थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू उनके निवास पहुंचे और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वर्गीय अग्रवाल को याद करते हुए श्री साहू ने कहा कि वे सदैव समाज की सेवा में लगे रहे। यही कारण है कि वे आजीवन अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक रहे और गायों की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने आजीवन महावीर गौशाला का भी सफल संचालन किया। तीन भाइयों में मझले स्वर्गीय अग्रवाल सदैव संयुक्त परिवार के पक्षधर रहे। 1 पुत्री, 5 पुत्र, भतीजे, भतीजियां, नाती-नातिन एवं अनुयायियों वाले खुशहाल परिवार के बीच उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी।
स्वर्गीय अग्रवाल गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की मदद करने में हमेशा आगे रहते थे। उनके इन्हीं संस्कारों ने उनके परिवार को पोषित और संवारा। उनके आदर्श परिवार में बृजमोहन अग्रवाल जैसे जननेता का जन्म हुआ।
स्वर्गीय अग्रवाल को स्थानीय नेताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
जिनमें प्रमुख रूप से अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, राज्य भंडारण निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, गोबरा नवापारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष ओम कुमारी-संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सोनी, राजिम नगर परिषद अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम अग्रवाल, भाजपा नेत्री देवकी साहू, नवापारा भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, राजिम भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता किशन सांखला, भाजयुमो नेता किशोर देवांगन, रेशम सिंह हुंदल, मुकुंद मेश्राम, पार्षद सचिन सचदेव, निर्मला-धीरज साहू, नम्मू नारायण ध्रुव, सहदेव कंसारी, रवि साहू, जीना बाई निषाद, लोमेश्वरी साहू, मयाराम साहू, जग्गू यादव, पूजा कंसारी, साधना सौरज आदि शामिल है।