गरियाबंद

आलेखूटा-उमरपोटी में निकाली गई गौ-जनजागरण यात्रा
17-May-2025 10:12 PM
आलेखूटा-उमरपोटी में निकाली गई गौ-जनजागरण यात्रा

यात्रा के माध्यम से गौमाता के संरक्षण का संकल्प-योगिता सिन्हा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 17 मई। नवापारा से लगे ग्राम आलेखूटा-उमरपोटी में गौ ग्राम जनजागरण यात्रा निकाली गई। गौ सेवा आयोग के तत्वावधान में गौ सेवा एवं गौ धन की रक्षा के उद्देश्य से प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आलेखूटा में गौ सेवकों ने जागरूकता यात्रा निकालकर लोगों को गौवंश संवर्धन एवं गौ सेवा के प्रति प्रेरित किया। उक्त कार्यक्रम में योगिता सिन्हा, आलेखूटा सरपंच भागेश्वरी सिन्हा, रूपेंद्र चंद्राकर, राजू काबरा, चंदू कंसारी, पशु चिकित्सक डॉ. वर्मा की विशेष सहभागिता रही।

इस अवसर पर योगिता सिन्हा ने कहा कि हिंदू धर्म में गाय को देवी एवं माता के रूप में पूजा जाता है। गौ माता में 33 करोड़ देवी-देवता निवास करते हैं। गाय के गोबर में लक्ष्मी का वास होता है। गायों की रक्षा की अत्यंत आवश्यकता है। ग्राम स्तर पर समिति बनाकर स्थान का चयन कर गौ माता की रक्षा करने की आवश्यकता है। इससे आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। राजू काबरा ने कहा कि गौ माता की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। आलेखूटा व उमरपोटी में गौ ग्राम जनजागरण यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। घर-घर आकर्षक रंगोली बनाई गई तथा यात्रा के लिए निकले रथ का पूजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, गौ-सहायक व महिलाएं शामिल हुईं।


अन्य पोस्ट