गरियाबंद

प्रथम महिला अग्निवीर फामेश्वरी का जिले में भी होगा सम्मान
01-Apr-2025 3:31 PM
प्रथम महिला अग्निवीर फामेश्वरी का जिले में भी होगा सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 01 अप्रैल।
वर्दी देखकर जगा जुनून और मजदूर की बेटी बन गई प्रदेश की प्रथम महिला अग्निवीर। मजदूर पिता अपने दो बेटों के साथ सबसे छोटी बेटी को पहट से दौड़ लगाना सिखाते थे फिर निकलते थे मजदूरी करने।

जिले के  फिंगेश्वर ब्लॉक के छोटे से गांव परसदा जोशी में रहने वाले मजदूर हीरालाल की  बेटी फामेश्वरी न केवल गरियाबंद का गौरव बनी बल्कि प्रदेश में  इतिहास रच दिया। 
अग्निवीर महिला सैन्य पुलिस (डब्ल्यूएमपी) भर्ती का परिणाम 24 मार्च, 2025 को घोषित कर दिया गया है और इसमें छत्तीसगढ़ की एक महिला चुनी गयी हैं, जो कि भारतीय सेना में अग्निवीर महिला पुलिस के तौर पर जाने वाली छत्तीसगढ़ राज्य की पहली महिला बनी हैं। यह छत्तीसगढ़ राज्य के लिए बड़ा ही ऐतिहासिक व गर्व का दिन है। फामेश्वरी यादव से प्रेरणा पाकर राज्य की अन्य महिलाएं प्रोत्साहित होंगी और भविष्य में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भारतीय सेना में चयनित होकर, देश सेवा में प्रतिभागी बनेंगी ।

सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर के अधिकारियों द्वारा फामेश्वरी यादव को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिले की गौरव बनने में जिला कलेक्टर दीपक अग्रवाल और एसपी निखिल राखेचा ने भी बेटी के इस जज्बे की सराहना किया है। जल्द ही जिला प्रशासन  बहादुर बेटी का सम्मान करेगी। फामेश्वरी यादव की ट्रेनिंग 01 मई, 2025 से सेना मिलिट्री पुलिस सेंटर, बेंगलुरू (कर्नाटक) में शुरु होगी।

हीरालाल के दो बेटे भी है,बेटी सबसे छोटी है, राजीव लोचन कॉलेज में बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा है। कॉलेज में एनसीसी ज्वाइन किया हुआ है। बुआ के बेटे और गांव में एक युवक अग्निवीर में भर्ती हुए है। वर्दी देखकर कर जुनून उठा और बेटी ने अग्नि वीर बनने की ठान लिया। मजदूर पिता के पास इतने  पैसे भी नहीं थे कि उसे कोचिंग करा सके। लिहाजा मजदूरी जाने से पहले बेटी को दौडऩा और फिजिकल एक्टिविटी खुद कराया।

 

अग्नि वीर में जाने की ठान लिया तो गांव पड़ोस के लोग माता खेमीन बाई को उलहाना दिया करते थे। मां भी बेटी के मर्जी और जिद के साथ थी। कहने वाले की परवाह किए बगैर बेटी  के सपनों के उड़ान को पूरा परिवार ने पंख लगा दिया।

मां ने कहा कि उनकी और भी बेटियां होती तो उन्हें भी देश सेवा में भेज देती।


अन्य पोस्ट