गरियाबंद

सिकासर के पानी का लाभ गरियाबंद को ही मिलेगा
15-Dec-2024 2:22 PM
सिकासर के पानी का लाभ गरियाबंद को ही मिलेगा

अमितेश बेतुकी बातें कर गुमराह न करें- विधायक रोहित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 15 दिसंबर।
सिकासार बांध के व्यर्थ पानी को महासमुन्द ले जाने की योजना का सर्वे शुरू होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल के आरोप के बाद अब विधायक रोहित साहू ने इसका पलटवार किया। 

स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम के पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल बिना जानकारी के अनर्गल बयानबाजी कर रहे है। उन्हें चाहिए कि पहले इस विषय को समझें, फिर बात करें। बेतुकी बात करना बंद करें। 

ज्ञात हो कि दो दिन पहले पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला इस मामले में विधायक रोहित साहू पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया था।
पत्रकारों से चर्चा में विधायक रोहित साहू ने स्पष्ट कहा कि सिकासार बांध के पानी का लाभ गरियाबंद की जनता को ही मिलेगा। हमारी सरकार ने बांध के ओवरफ्लो के बाद व्यर्थ बहने वाले उलट के पानी का उपयोग सूखा क्षेत्र के किसानों के हित करने की योजना बनाई है। इससे इसका लाभ गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक के 18 गांव समेत महासमुंद जिले के सूखा क्षेत्र के गांवों को मिलेगा।

विधायक ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के लिए बेहतर कार्य करने जा रही है। उन्होंने पूर्व विधायक से ही सवाल किया कि हम बांध के भराव के बाद व्यर्थ बहने वाले पानी के उपयोग करने किसानों के हित में कर रहे इसमें कांग्रेस और कांग्रेस विधायक को क्यों पीड़ा हो रही है। सुखा क्षेत्र के किसानों को इस पानी का लाभ मिल जाए इससे उनको क्या पीड़ा है।

विधायक ने बताया कि भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में भी इस योजना का जिक्र किया था और इसके लिए हमारे महासमुंद लोकसभा के पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने पदयात्रा भी की थी। सरकार की योजना और मंशा केवल ओवरफ्लो के पानी को व्यवस्थित करने का प्रयास है। उलट का पानी छोटे छोटे स्टाप डेम में भराव किया जाएगा। इससे कहीं चिंता की समस्या नहीं है। जो पानी गरियाबंद को मिलता था मिलता रहेगा। केवल व्यर्थ बहने वाले पानी का उपयोग ही किया जाएगा। इसके सर्वे के लिए 8 करोड़ प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। अभी सर्वे का कार्य जारी है।

चर्चा के दौरान विधायक रोहित साहू ने पूर्व विधायक अमित शुक्ला पर भी निष्क्रियता का आरोप लगाया उन्होंने कहा कि 5 साल राज्य विधानसभा क्षेत्र के किस रवि फसल के लिए सिकासार बांध के पानी की मांग करते रहे। किसानों ने चक्का जाम तक किया। लेकिन तब कांग्रेस और विधायक ने किसानों की चिंता नहीं की। हमारी सरकार आने के बाद रबी फसल के लिए पानी दिया। जितना विकास कांग्रेस ने पांच साल में नहीं किया। उतना प्रदेश सरकार ने एक साल में किया है। राजिम विधानसभा सहित गरियाबंद जिले के करोड़ों के कार्य स्वीकृत हुए है। हमारी सरकार किसानो के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
 


अन्य पोस्ट