गरियाबंद

2 सौ विद्यार्थियों ने 2 घंटे तक हाइवे किया जाम
20-Nov-2024 3:37 PM
2 सौ विद्यार्थियों ने 2 घंटे तक हाइवे किया जाम

30 दिन में व्यवस्था दुरुस्त करने के आश्वासन पर माने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मैनपुर, 20 नवंबर। मंगलवार को नेशनल हाइवे 130 सी में गोहरापदर चौराहे पर 200 से ज्यादा विद्यार्थियों ने जाम कर दिया। प्रदर्शन करने वाले छात्र गोहरापदर हाई उरमाल स्कूल व कॉलेज के हैं। यह प्रदर्शन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में हुआ।

जि़ला संयोजक रंजन यादव, पूर्व नगर मंत्री छात्र नेता क्षितिज नारायण तिवारी, नगर मंत्री लिकेश नागेश ने बताया कि गोहरापदर क्षेत्र में स्कूली समस्या पर शासन-प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। मांग के बावजूद क्षेत्र के हाईस्कूल 25 साल से ज्यादा पुराने जर्जर अतिरिक्त कक्ष में लगाया जाता है।

 कॉलेज का भवन मंजूर हुआ, पर काम शुरू नहीं किया गया। पालियों में स्कूल लगता है, जिससे पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। शिक्षक की समस्या भी क्षेत्र की प्रमुख समस्या बन गई थी, इन्हीं मांगों की अनदेखी हुई, इसलिए शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।

जाम को लेकर प्रशासन भी मुस्तैद था। पुलिस बल मौजूद रहा। प्रदर्शन रोकने के प्रयास विफल होने के बाद बातचीत करने एसडीएम पंकज डाहरे पहुंचे। मौके पर से कलेक्टर का संदेश अपर कलेक्टर अरविंद पांडेय से फोन से बात कर पहुंचाया गया। अफसरों ने दो शिक्षक की पदस्थापना की। उरमाल में बंद पड़े हाईस्कूल भवन के कार्य जल्द शुरू कराने व नवीन भवन के लिए मंजूर 6.5 करोड़ के कार्य की आगे की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का भरोसा दिलाया। छात्रों ने 30 दिन की मियाद दी है। लंबित मांगें पूरी नहीं हुई तो 30 के बाद पुन: नेशनल हाइवे में प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है।

इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विवेकानंद यादव, नगर सहमंत्री कृष्णकांत वैष्णव, मनीष सिन्हा, गिरीश माँझी विद्यालय प्रमुख गुरुनारायण यादव, हिमेश निधी,सौरभ साहु,फरहान मेनन, निरंजन सिन्हा, दीपक, रेहान मेमन मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट