गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 22 अक्टूबर। जिले में मंगलवार की सुबह एक यात्री बस ट्रक को साइड देने के चक्कर में पुल का डिवाइडर तोड़ते हुए पुल से नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि उस समय बस में लगभग 10 यात्री सवार थे। मामला इंदागांव थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार देवभोग से रायपुर जा रही महेश ट्रेवल्स की सवारी से भरी बस धुर्वागुड़ी और बुरगेड़ टप्पा के बीच तेज रफ्तार ट्रक को साइड देते वक्त अनियंत्रित होकर पुल का डिवाइडर तोड़ते हुए पुल से नीचे गिर गई। घटना सुबह करीब 7 बजे के आसपास की बताई जा रही है। हादसे के बाद राहगीरों की मौके पर भीड़ लग गई।
बस में उस समय लगभग 10 यात्री सवार थे। 7 पैसेंजर को 108 एंबुलेंस के जरिए अमली पदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घायलों का इलाज अमलीपदार अस्पताल में जारी है। घटना में 4 पैसेंजर को गंभीर चोट आई है। जिसमें 2 यात्रियों को अभी रेफर किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक यात्री महिला का पैर और चालक का कंधा फैक्चर हुआ है।