गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 17 अगस्त। मैनपुर में गौ माता के सम्मान और पशुधन की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन-बिन्द्रनवागढ़ विधायक सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों मवेशियों को लेकर पहुंचे एसडीएम कार्यालय, पुलिस बल की तैनाती के बावजूद सैकड़ो मवेशियों को ले गए एसडीएम कार्यालय परिसर, भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की कांग्रेसी। विधायक सहित कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मवेशियों के पीछे दौड़ लगाते रहे।
ज्ञात हो कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गौ - माता के सम्मान और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर मैनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को तहसील मुख्यालय मैनपुर नगर में अनोखा विरोध प्रदर्शन कर प्रदेश के भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नरेबाजी किया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता बिन्द्रनवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव महामंत्री गेंदु यादव के नेतृत्व में गौ - सत्याग्रह के तहत रैली निकाली, रैली में सैकड़ो की संख्या में मवेशी रैली के आगे-आगे चल रहे थे और मवेशियों को हाकते हुए कांग्रेस के विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ता सीधे एसडीएम कार्यालय परिसर पहुँचे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी किया और प्रदेश के भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान बिन्द्रनवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने कहा राज्य के भाजपा सरकार गौधन न्याय योजना बंद करके गौवंशी पशुओं को सडक़ पर बेमौत मरने छोड़ दिया है प्रदेश भर में हो रही गायों की मौत तथा खुले मवेशियों के कारण सडक़ों में बढ़ रही दुर्घटनाए से गौ माता के साथ राहगीर भी दुर्घटना के शिकार हो रहे है। प्रदेश के भाजपा सरकार को इससे कोई लेनादेना नहीं है इसके कारण आज कांग्रेस द्वारा मवेशियों को एसडीएम कार्यालय में ले जाकर छोड़ दिए हैं इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है। प्रदेश की भाजपा सरकार गौ माता की सुरक्षा में असफल साबित हुई।