गरियाबंद

देवभोग को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग
11-Aug-2024 8:37 PM
देवभोग को नगर पंचायत  का दर्जा दिलाने की मांग

  डिप्टी सीएम साव से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मैनपुर, 11 अगस्त। देवभोग को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग लेकर क्षेत्र के भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरूण साव से मुलाकात की।  देवभोग को नगरपंचायत बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। तहसील मुख्यालय होने के साथ ही  व्यावसायिक दृष्टिकोण से 100 गांवों के लोग देवभोग पर निर्भर रहते है। साथ ही यहां का जनसंख्या अनुपात भी नगर पंचायत के लिए उपयुक्त है। इस विषय पर तुरंत सहमति देते हुए उपमुख्यमंत्री ने जल्द ही देवभोग नगर पंचायत बनाने  का आश्वासन दिया है। साथ ही बेलाट नाला पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण की मांग भी रखी गई है।

जानकारी हो कि बेलाट नाला बारिश होने पर उफान पर आ जाता है, जिससे प्रदेश के अंतिम छोर में बसे नदी उस पार के 36 गांवों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय से लंबे समय तक कट जाता है। आपातकालीन स्थिति में ओडिशा का सहारा लेना पड़ता है।

इन सभी विषयों पर भाजपा नेताओं ने उपमुख्यमंत्री से चर्चा कर उन्हें अवगत कराया और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गंभीरता से इन विषयों पर निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

इस दौरान प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश साहू, पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन सिंह मांझी,पुर्व विधायक डमरूधर पुजारी,अजजा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष भागीरथी मांझी,जिला उपाध्यक्ष कुंजबिहारी बेहरा,अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सोनवानी,मंडल अध्यक्ष व्दय लुद्रास साहू,गुरु नारायण तिवारी,व्यापारी प्रकोष्ठ जिला संयोजक शोभा चंद्र पात्र,जनपद सदस्य उर्मिला पात्र,दुष्यंत पात्र,अनिल अग्रवाल,अजय दीक्षित,रंजीत पात्र,अमित अवस्थी,भद्रपाल पात्र,प्रेमलाल नागेश सहित कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट