गरियाबंद

पीएससी सीबीआई जांच, युवाओं की चिंता कर रही साय सरकार- नेहरू
04-Jan-2024 3:24 PM
पीएससी सीबीआई जांच, युवाओं की चिंता कर रही साय सरकार- नेहरू

नवापारा-राजिम, 4 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कैबिनेट ने बुधवार को पीएससी भर्ती में गड़बड़ी मामले की जांच सीबीआई से करने का निर्णय लिया। इस निर्णय पर भाजपा खोरपा मंडल महामंत्री नेहरू लाल साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग 2021 की भर्ती परीक्षाओं को लेकर विवाद कायम है। इसमें तत्कालिक पीएसी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, राज्यपाल के सचिव अमृत खलखो समेत कई अफसर सहित कांग्रेस नेताओं के रिश्तेदार अभ्यर्थियों का चयन संदेह में है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो ने इसे लेकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया था। लेकिन पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार ने नियुक्तियों की जांच ना करवा कर जायज ठहरने का कुतर्क कर सभी हदें पार कर दी थी। जबकि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भर्ती की परीक्षा के बाद चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर रोक लगाई थी। साहू ने यह भी कहा कि भाजपा ने प्रदेश के युवाओं से वादा किया था कि पीएससी में हुई गड़बड़ी की सीबीआई से जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने यह निर्णय लेकर युवाओं किए गए वादे पर खरे उतरे हैं। अब जल्द ही पीएससी भर्ती में गड़बड़ी करने वाले दोषी सलाखों के पीछे होंगे पीएससी भर्ती में गड़बड़ी का सारा सच प्रदेश की जनता के सामने आएगा।


अन्य पोस्ट