गरियाबंद

लगातार मेहनत से ही मिलती है सफलता - कलेक्टर
07-Oct-2023 2:37 PM
लगातार मेहनत से ही मिलती  है सफलता - कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 7 अक्टूबर।  गरियाबंद के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय अविष्कार अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम में कलेक्टर ने शामिल होकर विद्यार्थियों के विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता के सभी विधा का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने बाल वैज्ञानिकों के मॉडल, पुस्तक प्रदर्शनी, क्विज प्रतियोगिता, कबाड़ से जुगाड़ के नवाचारी गतिविधियों को देखकर तारीफ़ की। मॉडल से संबंधित अलग-अलग प्रश्न बच्चों से पूछे।  उनके जवाब से  सन्तुष्ट होकर कलेक्टर बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सफलता का कोई सरल तरीका नहीं है। अथक और लगातार मेहनत करने से ही सफलता मिलती हैं।

उन्होंने कहा कि आगे बढऩे के लिए उस भाषा का प्रयोग करें जिसमें आपकी दक्षता हो। रटने की आदत को छोडक़र समझने की प्रवृत्ति विकसित करें जो दीर्घकाल तक स्मृतिपटल पर अंकित रहता है। उन्होंने आगे कहा कि यथोचित सफलता प्राप्त करने के लिए अपने सोच और क्षमता को एक लेवल ऊपर रखकर मेहनत करें। शिक्षक समाज का दर्पण होता है। बच्चे अच्छे शिक्षक बनकर सभी वर्गों का सेवा कर सकते हैं। राष्ट्र निर्माण में सर्वस्व न्यौछावर करने का जज़्बा हमें सदैव आगे बढ़ाएगा। इस दौरान डीएमसी खेल सिंह नायक सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।   राष्ट्रीय अविष्कार अभियान कार्यक्रम में आयोजित कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने पौधे की संरचना, चलित कागभगोड़ा, कोण पर आधारित टीएलएम, होलोग्राम ऊर्जा के विभिन्न रूपो के जीवंत प्रस्तुति ने सबको प्रभावित किया। क्विज प्रतियोगिता में विज्ञान, गणित, तकनीक के कठिन प्रश्नों का सरल जवाब देकर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

मॉडल प्रदर्शनी में हीमोडायलिसिस, अम्ल क्षार लवण की अवधारणा, आईआर बेस्ड फील्ड सिक्योरिटी प्रोजेक्ट, चंद्रयान-3, आदित्य एल वन, एडवांस रोपवे, आर्मी सिक्योरिटी सिस्टम, वायरलेस पावर ट्रांसमिशन सिस्टम, नवीन तकनीक से सडक़ दुर्घटना का नियंत्रण, ऑटो टर्न ऑफ वाटर स्विच आदि का चलित प्रदर्शन किया। पुस्तक प्रदर्शनी में भी बच्चों ने बढ़ चढक़र हिस्सा लिया। सभी विजेताओं को मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।


अन्य पोस्ट