गरियाबंद

कांटे वाले चम्मच से बासी खाने वाली सरकार को बदलना होगा - साव
24-Sep-2023 4:13 PM
कांटे वाले चम्मच से बासी खाने वाली सरकार  को बदलना होगा - साव

केंद्र सरकार की योजनाएं सभी वर्ग के लिए-  भानुप्रताप वर्मा  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 24 सितंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि कांटे वाले चम्मच से बासी खाने वाली सरकार को अब बदलना होगा। परिवर्तन यात्रा का यही उद्देश्य है।

भाजपा की परिवर्तन यात्रा शनिवार को नगर पहुंची। इस परिवर्तन यात्रा के बीच  गांधी मैदान में आयोजित आम सभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की भूपेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में हम अनेक पीढिय़ों से बासी खाते आ रहे हैं। आप हमें बासी खाना, गेड़ी चढऩा , भंवरा चलाना मत सिखाइये। आपको छत्तीसगढ़ का विकास करना था , छत्तीसगढ़ में कानून का राज स्थापित करना था , घोषणा पत्र में किये वायदों को पूरा करना था, आप सरकार में आते ही सब भूल गये।  श्री साव ने आगे कहा कि  छत्तीसगढ़ में भूपेश, अकबर और ढेबर की सरकार है, जो 6 हाथों से छत्तीसगढ़ को लूटने का काम कर रही है।

आम सभा को  केंद्रीय राज्य  मंत्री भानुप्रताप वर्मा, सांसद चुन्नीलाल साहू ,  पूर्व सांसद चंदूलाल साहू तथा भाजपा के राजिम विधानसभा प्रत्याशी रोहित साहू सहित अनेक संगठन पदाधिकारियों ने संबोधित किया। उन्होंने राजिम विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू को विजयश्री दिलाने का आव्हान करते हुये कहा कि अब परिवर्तन का समय है। छत्तीसगढ़ में कानून का राज स्थापित होगा , उत्तर प्रदेश की तरह यहां भी कानून का बुलडोजर चलेगा।

परिवर्तन यात्रा में विशेष रूप से सम्मिलित केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि 2003 में भी परिवर्तन यात्रा निकाली गई थी , परिवर्तन हुआ था। इस चुनाव फिर परिवर्तन होगा।

उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। वर्षो से लंबित महिला आरक्षण बिल लोक सभा में पारित हो चुका है।

भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अराजकता का माहौल है ,कानून व्यवस्था ध्वस्त है। बहू-बेटियों के साथ बलात्कार हो रहा है।

रेत ,कोयला और गोबर का भ्रष्टाचार-चुन्नीलाल

महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। सत्ता के बैठे लोग रेत कोयला और गोबर खा रहे हैं। भाजपा समर्थित सरपंचो कों एसडीएम के माध्यम से धारा 40 की धमकी दी जाती है। केंद्र की आवास योजना पर कांग्रेस सरकार ने रोक लगा रखी है।

बाहरी विधायक जनता का दुर्भाग्य - रोहित साहू

परिवर्तन यात्रा में सम्मिलित राजिम विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू ने कहा कि इस विधानसभा के कांग्रेस विधायक रायपुर में रहते हैं, फोन भी रिसीव नही करते , उनसे मिलने स्थानीय जनता को रायपुर जाना पड़ता है , वहां भी मिल गये तो ठीक नहीं तो निराशा ही हाथ लगती है। ये इस क्षेत्र का दुर्भाग्य है।


अन्य पोस्ट