गरियाबंद

भाजपा गौठानों का दौरा कर करेगी गौठानों की असलियत उजागर
22-May-2023 2:08 PM
भाजपा गौठानों का दौरा कर करेगी  गौठानों की असलियत उजागर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 22 मई।
चलबो गौठान खोलबो पोल अभियान के तहत आने वाले 2 दिनों में भाजपा जिले के 100 से अधिक गौठानों में जाकर गौठान में हुए घोटालों को आम जनता के बीच उजागर करेगी। 21 और 22 मई दो दिन भाजपा ने जिले के प्रत्येक मंडलों में 10-10 गौठानों में जाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बकायदा प्रभारियों को नियुक्ति भी की है। जिले के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, सहित जिले और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई। ये जनता के बीच गौठानो की असलियत सामने लायेंगे। 

इधर अभियान की शुरूआत के एक दिन पहले गरियाबंद पहुंचे नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने अभियान को लेकर मीडिया को बताया की मुख्यमंत्री के काले करतूतों को उजागर करने चलबो गौठान खोलबो पोल कार्यक्रम के तहत भाजपा प्रदेश भर के गौठानों में जाएगी। गौठानों में हुए भ्रष्टाचार को उजागर करने भाजपा प्रदेश में बड़ा आंदोलन करेगी। 

उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुुए कहा की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ड्रीम प्रोजेक्ट नरवा घूरवा बाड़ी फेल साबित हो गया है। आज गौठानों की दुर्दशा है। गौठानों में गौ माता नहीं है, चारा, पानी, छाया, इलाज की व्यवस्था नहीं। गौठानों में गौ माता काल के गाल में समा रही है। गौठानों के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार गारंटी, 14वें वित्त आयोग, 15वे वित्त आयोग, मनरेगा का पैसा एसडीओ, जनपद सीईओ, द्वारा सरपंच सचिव पर दबाव बनाकर खर्च कराया जा रहा है। 
 


अन्य पोस्ट