गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 8 मार्च। सोमवार को नई दिल्ली के मौलाना आजाद मार्ग विज्ञान भवन में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 25 करोड़ असंगठित श्रमिकों के पंजीकरण की उपलब्घि पर समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्यअतिथि केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव थे।
उन्होंने प्रतिष्ठित सप्ताह की शुरुआत के अवसर पर कहा कि हाल ही में शुरू किए गए ई-श्रम पोर्टल ने सबका साथ - सबका विकास - सबका विश्वास - सबका प्रयास के आदर्श वाक्य को पूरा करने की दिशा में खुद को एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में स्थापित किया है और 6 महीने से भी कम समय में 25 करोड़ पंजीकरणों तक पहुंचना सामूहिक इच्छाशक्ति को दर्शाता है। श्री यादव ने कहा कि आने वाले दिनों में ई-श्रम पोर्टल ‘‘गरीबों के कल्याण के लिए अमृत कल’’ की नींव रखने जा रहा है, जिसके आधार पर देश के असंगठित कार्यबल को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान करने के लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम तैयार किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने कहा कि ईश्रम असंगठित श्रमिकों का पहला व्यापक डेटाबेस होने के नाते, न केवल देश के हाशिए पर रहने वाले कर्मचारियों को सशक्त करेगा, बल्कि साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण के लिए रणनीतिक जानकारी भी प्रदान करेगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रदेश के जनप्रतिनिधि पहुंच थे, जिनमें छत्तीसगढ़ के प्रमुख रूप से इंटक प्रदेश उपाध्यक्ष टिकेन्द्र सिंह ठाकुर, महासचिव रजनीश सेठ आदि मौजूद थे।