दुर्ग
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 जून। आईटीआई खुर्सीपार के पास सर्विस रोड के किनारे खड़ी ट्रेलर में बैठा कंपनी के सुपरवाइजर बीती रात्रि लूट का शिकार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने टीम बनाकर आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी और कुछ ही घंटों के भीतर तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूट का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार राव घाट से सरिया लोड करने ट्रेलर क्रमांक सीजी 07 सी बी 8600 आईटीआई खुर्सीपार के पास सर्विस रोड के किनारे खड़ी हुई थी। 4 जून की रात्रि 8.30 बजे गाड़ी का ड्राइवर कहीं गया हुआ था और गाड़ी के साथ में आया हुआ कंपनी का सुपरवाइजर आशीष कुमार ठाकुर निवासी नारायणपुर बैठा हुआ था। उसी दौरान 3 युवक गाड़ी में चढ़े और आशीष कुमार को धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी। जब आशीष ने विरोध किया तो दो आरोपियों ने उसका हाथ और गला पकड़ा तीसरे ने आशीष के जेब से मोबाइल एवं इयरफोन छीन लिया और तीनों आरोपी भाग निकले। प्रार्थी ने इसकी शिकायत खुर्सीपार थाना में की।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश ध्रुव ने टीम के साथ आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी। कुछ घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी आजाद उर्फ ढील्ला निवासी मछली मार्केट खुर्सीपार, शुभम दीप निवासी शुक्ला टिंबर के पीछे स्कूल खुर्सीपार तथा सीनू राजपूत निवासी खुर्सीपार को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी सुरेश ध्रुव ने बताया कि पकड़ाया मुख्य आरोपी आजाद उर्फ ढील्ला कुछ दिनों पूर्व ही धारा 307 के एक मामले में जेल से छूटा था। उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई. उसे संदिग्ध मानते हुए पूछताछ में लिया गया, जिसमें आजाद ने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है।